हरिद्वार में तीसरे दिन भी चला विशेष स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में तीसरे दिन भी चला विशेष स्वच्छता अभियान


हरिद्वार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में तीर्थनगरी हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। मेलाधिकारी कुंभ सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए गए अभियान में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के 142 स्वयंसेवियों ने भाग लेकर घाटों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। अभियान के दौरान करीब 1.5 टन गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया।

अभियान के तहत विष्णुघाट, हाथीपुल से हनुमान मंदिर तक, नमामि गंगे घाट, चंडी देवी, रामघाट, शीतला माता मंदिर घाट और गोविंद घाट सहित विभिन्न घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। इसके साथ ही जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

स्वच्छता अभियान में भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी, आदर्श युवा समिति और परशुराम संस्था सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने सहभागिता की। जिला पंचायत, नगर निगम एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रमदान कर सफाई कार्यों में सहयोग दिया।

अभियान के दौरान घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्रशासन का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वय से संचालित अभियान के माध्यम से गंगा घाटों और धार्मिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई तथा कूड़े के उचित निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। जनसहभागिता के जरिए तीर्थनगरी को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने की पहल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story