हरिद्वार में स्वच्छता अभियान में जुटीं 32 संस्थाएं सम्मानित, 100 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में स्वच्छता अभियान में जुटीं 32 संस्थाएं सम्मानित, 100 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र


हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल रखने के लिए जनपद में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 32 संस्थाओं को जिला प्रशासन ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मेला अधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व एवं निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, संत समाज, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, नमामि गंगे, नगर निगम, स्वजल, जिला पंचायत, सीवरेज इकाइयों, जिला स्तरीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय सहभागिता रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक 13 हजार से अधिक लोग भागीदारी कर चुके हैं। प्रथम चरण में अभियान के दौरान करीब 100 मीट्रिक टन कूड़ा-कचरा एकत्र किया गया, जिसे उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सभी सहयोगी संस्थाओं और नागरिकों की भूमिका सराहनीय है।

इन 32 संस्थाओं को मिला प्रशस्ति पत्र प्रथम चरण में सम्मानित संस्थाओं में आदर्श युवा समिति, सोनिया फाउंडेशन चौरिटेबल ट्रस्ट, एसबीएमए-आईटीसी मिशन सुनहरा कल, शांतिकुंज, श्री गंगा सभा, सप्तऋषि आश्रम, श्री गुरु नानक देव जी घाट समिति, गंगा सेवा ट्रस्ट, रामराज ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, बीड़ंग भागीरथ जनपद, रोटरी क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना, सेवा भारती, स्काउट्स एंड गाइड्स, एकम्प्स कंपनी सिडकुल, बाबा बंशी वाले अन्नपूर्णा आश्रम समिति, प्रेमनगर आश्रम, आस्था सेवा संस्थान, नागा कुटीर आश्रम, उत्तरांचल पंजाबी महासभा, निर्मल हरिद्वार परियोजना, सिटी मैनेजर डेवलपमेंट अल्टरनेटिव, नेचर फाउंडेशन, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर, बहुउदय लोक सेवा संस्थान, एनसीसी हरिद्वार, वसुधैव कुटुम्बकम फाउंडेशन, समर्पण संस्था रुड़की, शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन, भारतीय योग संस्थान रोशनाबाद, नया उदासीन अखाड़ा शंकर आश्रम तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी परिवार जनकल्याण समिति शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संस्थाओं एवं उनके प्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी स्वच्छता अभियान में इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story