बीएचईएल ने दशहरा मैदानों में चलाया स्वच्छता अभियान, 5 टन कचरे का निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल ने दशहरा मैदानों में चलाया स्वच्छता अभियान, 5 टन कचरे का निस्तारण


हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार के विशेष अभियान 6.0 के तहत बीएचईएल हरिद्वार की ओर से सेक्टर-1 और सेक्टर-4 स्थित दशहरा मैदानों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। दशहरा पर्व के आयोजन के बाद दोनों मैदानों में करीब छह लाख वर्ग फुट क्षेत्र की साफ-सफाई कर लगभग पांच टन कचरे का निस्तारण किया गया।

बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित अभियान का नेतृत्व महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुमति शर्मा ने किया। अभियान में बीएचईएल के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्थानीय निवासियों तथा रामलीला समिति के करीब 120 सदस्यों ने भी श्रमदान किया।

इस दौरान सुमति शर्मा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियों को सतत प्रक्रिया बनाना जरूरी है। अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख (एचएसई) नवनीत मित्तल ने सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण के लिए स्वच्छता तथा कचरे के उचित प्रबंधन को आवश्यक बताया।

वहीं, नगर प्रशासक अतुल सचान ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रशासन, संस्थान और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण को बढ़ावा देना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। बीएचईएल की ओर से इसे सार्वजनिक परिसरों के बेहतर रखरखाव और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story