औचक निरीक्षण में मिली खामियां, सीएससी केंद्र सील
हरिद्वार, 26 फरवरी (हि.स.)। हरिद्वार जनपद के ग्राम बिझौली में संचालित देवभूमि सीएससी केंद्र का गुरुवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया गया।
जांच में पाया गया कि केंद्र पर शासन की ओर से निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसके अलावा नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं थी और आवश्यक सूचना बोर्ड एवं सेवा संबंधी विवरण भी अनुपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई आधार कार्डों की हार्ड कॉपी भी मिलीं, जिसे नियमों के तहत गंभीर लापरवाही माना गया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देश पर देवभूमि सीएससी केंद्र, बिझौली को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही संबंधित संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुविधा, पारदर्शिता और सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी जन सेवा केंद्रों को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

