गर्मी और मौसम संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन ने बनाई रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
गर्मी और मौसम संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन ने बनाई रणनीति


चंपावत, 17 मार्च (हि.स.) चम्पावत में आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक की और तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में लू, वनाग्नि, संभावित सूखा और मौसम संबंधी अन्य चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि लू से बचाव के लिए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहें और विशेष रूप से निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस और वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों के लिए भी हीट वेव से बचाव की आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

वन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग को संभावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक योजनाओं की तैयारी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने खेल विभाग को ग्रीष्मकालीन खेल शिविरों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों और खिलाड़ियों के लिए पेयजल, छाया और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेयजल संकट को देखते हुए जल आपूर्ति, टैंकर व्यवस्था और खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत पर भी बल दिया गया।

इसके अलावा, यूपीसीएल को बिजली आपूर्ति की अग्रिम योजना बनाकर ग्रीष्मकाल में निर्बाध विद्युत सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़क और निर्माण विभागों को निर्माण कार्यों के दौरान उड़ने वाली धूल नियंत्रित करने के लिए नियमित छिड़काव करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों और संबंधित विभागों को नालियों की सफाई, झाड़ियों के कटान और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट, ईई यूपीसीएल विजय सकारिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story