लक्सर शुगर मिल ने किसानों को 52.27 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 30 मार्च (हि.स.)। लक्सर शुगर मिल ने किसानों के गन्ना भुगतान को लेकर बड़ी राहत दी है। शुगर मिल प्रबंधन ने 21 फरवरी से 10 मार्च तक का 52 करोड़ 27 लाख रुपये का भुगतान संबंधित गन्ना समितियों को जारी कर दिया है। अब समितियां इस राशि को किसानों के खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू करेंगी।

लक्सर शुगर मिल के कारखाना महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि मिल ने नवंबर माह में पेराई सत्र शुरू किया था और मार्च में पेराई सत्र समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधन समय-समय पर किसानों का भुगतान जारी करता रहा है और सोमवार को 52.27 करोड़ रुपये की राशि गन्ना समितियों को भेज दी गई है। अब तक कुल 436 करोड़ 45 लाख रुपये का भुगतान समितियों को किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 के दौरान विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों को निर्धारित समय पर भुगतान किया गया है। भुगतान के मामले में लक्सर शुगर मिल प्रदेश की अन्य मिलों की तुलना में आगे रही है।

एसपी सिंह ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण खादर क्षेत्र में गन्ने की पैदावार प्रभावित हुई, जिससे कुल उत्पादन पर असर पड़ा। इस वर्ष शुगर मिल ने 114.02 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की, जबकि पिछले वर्ष 149.85 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई थी, जो इस बार 35.80 लाख कुंतल कम है।

उन्होंने किसानों से बसंतकालीन गन्ना बुवाई के समय 0238 प्रजाति अपनाने की अपील की। इस मौके पर विकास चौधरी, डॉ. बी.एस. तोमर, बिजेंद्र राठी और पवन ढींगरा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story