गन्ना किसानों की दो टूक, पांच साल तक फिक्स रहे बेसिक कोटा, पेराई से पहले घोषित हो गन्ने का भाव

WhatsApp Channel Join Now
गन्ना किसानों की दो टूक, पांच साल तक फिक्स रहे बेसिक कोटा, पेराई से पहले घोषित हो गन्ने का भाव


गन्ना किसानों की दो टूक, पांच साल तक फिक्स रहे बेसिक कोटा, पेराई से पहले घोषित हो गन्ने का भाव


हरिद्वार, 19 सितंबर (हि.स.)। गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को लक्सर गन्ना विकास समिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने बेसिक कोटा, गन्ने के मूल्य और समिति के कमीशन भुगतान समेत कई अहम मुद्दे उठाए।

किसानों ने कहा कि बेसिक कोटे में बार-बार बदलाव होने से गन्ने की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है। इसलिए एक बार निर्धारित किए गए बेसिक कोटे को कम से कम पांच साल तक स्थिर रखा जाए। किसानों का कहना था कि इससे उन्हें गन्ने की खेती को लेकर दीर्घकालिक योजना बनाने में सुविधा होगी।

बैठक में पिछले पेराई सत्र का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने कहा कि पिछले सत्र में पेराई शुरू होने के बाद गन्ने का भाव घोषित किया गया था। इस बार पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही गन्ने का मूल्य घोषित किया जाए, ताकि किसान समय रहते अपनी फसल और आर्थिक योजनाओं को लेकर निर्णय ले सकें।

समिति के कमीशन भुगतान का मुद्दा भी उठाया। किसानों ने लक्सर शुगर मिल से गन्ना विकास समिति को मिलने वाले कमीशन के भुगतान में भी समयबद्धता की मांग की। किसानों ने कहा कि समिति किसानों से जुड़े विभिन्न कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में समिति को मिलने वाला कमीशन समय पर मिलना जरूरी है।

समिति अध्यक्ष एडवोकेट अनुराग चौधरी ने कहा कि बैठक में किसानों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लिया गया है। इन मांगों को लेकर सहायक गन्ना आयुक्त हरिद्वार, गन्ना आयुक्त और गन्ना मंत्री को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

बैठक में शुगर मिल के कारखाना महाप्रबंधक एसपी सिंह, समिति सचिव परविंदर सिंह, जितेंद्र चौधरी, जसवीर सिंह, यशपाल सिंह, कुशलपाल सिंह, महिपाल सिंह, अवनीश कुमार, वचन सिंह, अखिलेश सुंदर नागर, नितिन चौधरी, उपसभापति प्रतिनिधि पवन सैनी, नामित डायरेक्टर राहुल सैनी, राजवीर सिंह, विमलेश, स्वाति, यशवीर सिंह सैनी, उपासना देवी, योगेश, अखिल पंवार, नीलकमल और शेखर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story