हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से 30 बीघा गन्ने की फसल राख, किसानों को लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से 30 बीघा गन्ने की फसल राख, किसानों को लाखों का नुकसान


हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। खानपुर थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव स्थित मदारपुर जंगल में हाईटेंशन बिजली की लाइन से निकली चिंगारी ने किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया। चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते करीब 30 बीघा गन्ने की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

आग से कई किसानों की लाखों रुपये की फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद पीड़ित किसानों में आक्रोश है। उन्होंने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

पीड़ित किसान घोर सिंह, मनोज, घोरनपाल, मोहकम और सुदेशना का आरोप है कि उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार लंबे समय से ढीले होकर झूल रहे थे। इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत भी की गई, लेकिन तारों को ठीक नहीं कराया गया। किसानों के अनुसार, हादसे के समय बिजली के तार आपस में टकराए, जिससे निकली चिंगारी गन्ने की फसल पर जा गिरी और आग लग गई।

आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। किसानों ने फसल बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेजी से फैलती आग के सामने उनकी एक नहीं चली। करीब 30 बीघा गन्ने की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि गन्ने की फसल ही उनकी सालभर की कमाई का मुख्य जरिया थी। इस नुकसान से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित किसानों ने खानपुर पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से फसल के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।

खानपुर कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि किसानों की शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया किए जाने की बात कही जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776237 Articles

Share this story