मंत्री ने शिशु मंदिर को स्मार्ट क्लास व कंप्यूटर के लिए विधायक निधि से 11 लाख रुपये देने का ऐलान किया
देहरादून, 26 फ़रवरी (हि.स.)। नगर के मुनि की रेती के इलाके में स्थित श्याम कृष्ण पंवार सरस्वती शिशु मंदिर
के वार्षिकाेत्सव में वन मंत्री सुबोध उनियाल शामिल हुए। मंत्री ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास, 20 कंप्यूटर एवं अन्य शैक्षिक संसाधनों के लिए विधायक निधि से 11 लाख रुपये देने का ऐलान भी किया।
गुरुवार काे कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री उनियाल के हाथाें दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मंत्री उनियाल ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर “सा विद्या या विमुक्तये” के मूल मंत्र की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों में संस्कार, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का विकास भी करते हैं। ऐसे शिक्षण संस्थान राष्ट्रवाद की भावना का विकास कर विकसित भारत के निर्माण के लिए मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। मंत्री ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम, नैतिकता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान भारत की नींव को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस माैके पर विद्यालय प्रबंधन ने स्मार्ट क्लास, 20 कंप्यूटर एवं अन्य शैक्षिक संसाधनों के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये की सहयोग राशि का अनुरोध किया। इस पर मंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस घोषणा पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गुरुजनों ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।मंत्री ने विज्ञान तथा ग्रामीण जीवन शैली पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चन्द्रवीर पोखरियाल, प्रधानाचार्य सुरेन्द्र सिंह नेगी, प्रांत सह प्रदेश निरीक्षक (विद्या भारती) विनोद रावत, नगरपालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, विमला देवी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

