विधायक के आश्वसन पर पुरोला में छात्रों का धरना स्थगित
उत्तरकाशी, 11 सितंबर (हि.स.)। बीएल जुवांठा राजकीय महाविद्यालय पुरोला में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 12 दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन शुक्रवार को विधायक दुर्गेश्वर लाल के लिखित आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। इससे पहले मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज छात्रों ने गुरुवार को महाविद्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन को तेज कर दिया था।
शुक्रवार को विधायक दुर्गेश्वर लाल ने छात्रों से वार्ता कर उनकी मांगों के समाधान का लिखित आश्वासन दिया। विधायक ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को सरकार और उच्च शिक्षा विभाग के समक्ष प्राथमिकता से रखा जाएगा। इस दौरान विधायक ने दूरभाष पर छात्रों की बात शिक्षा मंत्री से भी कराई। शिक्षा मंत्री ने छात्रों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में देहरादून आमंत्रित किया है।
छात्रों ने विधायक के आश्वासन के बाद अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया वंही छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि तीन माह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से महाविद्यालय में शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे। मांगों को लेकर छात्रों ने 12 दिनों तक शांतिपूर्ण धरना दिया।
इससे पूर्व छात्रों ने शिक्षा मंत्री को अपने खून से लिखा पोस्टर भेजकर भी समस्या के समाधान की मांग उठाई थी, वहीं अभिभावक संघ ने भी उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया था।
आंदोलन में छात्र संघ अध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान, प्रीतम कैंतुरा, महासचिव सलौनी राठौर, अमृता रावत, रितिक चुनार, महिदेव, मुकेश, आयुष पंवार, रुक्मणी रावत, मनोज, आयुष कुमार सहित दर्जनों छात्र मौजूद रहे।
11
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

