तालाबंदी कर प्राचार्य कार्यालय में धरना, शाम को निर्माणाधीन भवन की छत पर चढ़े छात्र

WhatsApp Channel Join Now
तालाबंदी कर प्राचार्य कार्यालय में धरना, शाम को निर्माणाधीन भवन की छत पर चढ़े छात्र


उत्तरकाशी, 11 सितंबर (हि.स.)। राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को स्नातकोत्तर (पीजी) महाविद्यालय में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश अब आंदोलन का रूप ले चुका है। शुक्रवार को छात्रों ने महाविद्यालय में तालाबंदी कर पहले प्राचार्य कार्यालय में धरना शुरू किया।

वहीं, शाम को दो छात्र सम्पन्न बहुगुणा और निर्देश चौहान महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन की छत पर भी चढ़ गए। छात्रों ने दो टूक कहा कि जब तक महाविद्यालय के उच्चीकरण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं। मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से छात्रों में भारी आक्रोश है।

छात्रों का कहना है कि स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए उत्तरकाशी अथवा देहरादून जाना पड़ता है। इससे विशेषकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

उन्होंने कहा कि बड़कोट क्षेत्र में लंबे समय से उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर की आवश्यकता महसूस की जा रही है। महाविद्यालय के पीजी स्तर तक उच्चीकृत होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर के नजदीक ही स्नातकोत्तर शिक्षा उपलब्ध होगी और उन्हें पढ़ाई के लिए बाहर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

धरने में सोनी तोमर, सम्पन्न बहुगुणा, निर्देश चौहान, आयुष रावत, सौरभ भौरियाण, सिद्धांत, नमन, उज्ज्वल, रोहित और दिया समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story