मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना में टिहरी के 718 छात्र-छात्राओं का चयन

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 05 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 में टिहरी जनपद के 718 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। जिनमें कक्षा छह के 319 और कक्षा नौ के 399 विद्यार्थी शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण अंचल के हैं। परीक्षा में जिले के विभिन्न विद्यालयों के कुल 8021 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। सफल अभ्यर्थियों में भिलंगना ब्लॉक सबसे आगे रहा। यहां कक्षा छह के 92 और कक्षा 9 के 116 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की। जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र से कक्षा छह के 51 और कक्षा नौ के 59,, जबकि प्रतापनगर से कक्षा छह के 45 और नौ के 50 विद्यार्थी सफल हुए। चंबा ब्लॉक क्षेत्र से 20 और 27, कीर्तिनगर में 26 और 31, नरेंद्रनगर में 33 और 49, देवप्रयाग में 22 और 30, थौलधार में 21 और 24 तथा जाखणीधार से 9 और 13 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक बीपी सिंह ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए आगे भी और मेहनत करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story