डीएवी पीजी कॉलेज में अभाविप का दबदबा, नवदीप राणा अध्यक्ष निर्वाचित
देहरादून, 29 सितंबर (हि.स.)। डीएवी (पीजी) कॉलेज देहरादून के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। अभाविप के नवदीप राणा 1,759 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने एनएसयूआई के सौरभ सेमवाल को 94 मतों से पीछे छोड़ा।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. अनिल पाल ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। परिणाम सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में छात्र संगठनों और प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपनी-अपनी जीत पर खुशी जताई।
एनएसयूआई के सौरभ सेमवाल को 1,665 मत मिले। अध्यक्ष पद पर आर्यन छात्र संगठन के अमित सिंह को 998 और निर्दलीय तान्या को 36 मत मिले। हालांकि अन्य प्रमुख पदों पर चुनाव परिणाम अलग-अलग संगठनों और प्रत्याशियों के पक्ष में रहे। उपाध्यक्ष पद पर एसएफआई के शैलेंद्र सिंह 2,388 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए। सचिव पद पर निर्दलीय नीलांश ने 2,355 मत हासिल कर जीत दर्ज की। सत्यम शिवम ग्रुप के दीपक राणा को 1,953 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर अंजलि भट्ट 1,507 मत प्राप्त कर विजयी रहीं। संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का ठाकुर ने 892 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अनुज डोभाल 1,247 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद अभाविप के खाते में जाने के साथ ही डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र राजनीति में संगठन की मौजूदगी एक बार फिर सामने आई है। वहीं उपाध्यक्ष और सचिव समेत अन्य पदों पर अलग-अलग प्रत्याशियों की जीत ने छात्रसंघ के भीतर विभिन्न छात्र संगठनों और समूहों की भागीदारी को भी दर्शाया है।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रसंघ कार्यकारिणी के लिए तीन सदस्यों का मनोनयन किया है। इनमें खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए त्वैसा सिंह, एनसीसी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राधिका नेगी और रेंजर-रोवर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निकिता शर्मा शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

