छात्र छात्राओं को दी योग एवं ध्यान की जानकारी
पौड़ी गढ़वाल, 01 मई (हि.स.)।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. बीजीआर परिसर, पौड़ी के समाजशास्त्र विभाग एवं मानसिक स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में ‘योग एवं ध्यान के लाभ’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी से मुख्य वक्ता बीके सौरव ने छात्र-छात्राओं को योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक ज्ञान के महत्व से अवगत कराते हुए जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण और मानसिक संतुलन की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया। उन्होंने अपने प्रेरक एवं जीवन्त अनुभवों के माध्यम से विभिन्न ध्यान तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। प्रतिभागियों ने गहन रुचि एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी परिसर निदेशक प्रो. अनूप पांडे ने कहा कि योग एवं ध्यान न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता तथा आत्मविकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इसे जीवन के उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति का सशक्त माध्यम बताया।
समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. किरन बाला ने वर्तमान समय में बढ़ते “डिजिटल प्रदूषण” पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम, सोशल मीडिया पर निरंतर स्क्रोलिंग तथा सूचना के अत्यधिक दबाव के कारण युवा वर्ग तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी मानसिक चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में योग एवं ध्यान मानसिक संतुलन एवं आंतरिक शांति बनाए रखने के प्रभावी साधन सिद्ध हो सकते हैं।
इस अवसर पर एनईपी सारथी अमन नयाल ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए इस तरह के कार्यक्रमों की नितांत आवश्यकता है।
कार्यक्रम में संचालन डॉ. ल्हामु , बीके सुमन, डॉ. धारणा, डॉ. सपना रावत, डॉ. अतुल सैनी, डॉ. अनिल दत्त, डॉ. बिंदु यादव, डॉ. धर्मेंद्र सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

