टिहरी जिले के छात्रसंघ चुनाव में अलग-अलग छात्र संगठनों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 29 सितंबर (हि.स.)। नई टिहरी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी तथा अन्य पदों पर सत्यमेव जयते के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के अंशुल चंद्र ने 284 मत प्राप्त कर सत्यमेव जयते के दिव्यांशु रावत (255) को 29 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के समीर गुसाईं 273 मत लेकर विजयी रहे। सचिव पद पर सत्यमेव जयते के ऋतुराज नेगी ने 268 मत लेकर एक मत से जीत दर्ज की। सह सचिव पद पर खुशबू और कोषाध्यक्ष पद पर हीना विजयी रहीं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के युवराज सिंह शाह ने 294 मत प्राप्त कर 52 मतों से जीत दर्ज की।

नरेंद्रनगर महाविद्यालय में सभी प्रमुख पदों पर एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर आयुष रावत ने 141 मत लेकर हिमांशु जोशी को 69 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर हिमांशी भंडारी, सचिव पद पर आशा, सह सचिव पद पर अनामिका कैंतुरा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर प्रियांशु कैंतुरा विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर अमृता रावत निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

बालगंगा महाविद्यालय, सेंदुल-कमर में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की प्रियांशी तिवारी ने 237 मत लेकर एबीवीपी के सुजल को 62 मतों से हराया। अन्य सभी पदों पर एनएसयूआई प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

थत्यूड़ महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आशीष नेगी ने एक मत से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष और सचिव पद पर एनएसयूआई की दीपिका और सानिया धीमान विजयी रहीं। सह सचिव पद पर काजल, कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की रंगीता और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी की प्रतिष्ठा निर्वाचित हुईं।

राजकीय महाविद्यालय कमांद में अध्यक्ष पद पर दीपिका, उपाध्यक्ष पर सुचिता भट्ट, सचिव पर साक्षी, सह सचिव पर मानसिका, कोषाध्यक्ष पर हिमांशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अमीशा विजयी रहीं।

राजकीय महाविद्यालय पोखरी में कनिका अध्यक्ष, कोमल सचिव और किरण रावत विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वहीं नैनबाग महाविद्यालय में रवांई-जौनपुर-जौनसार समूह के प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। अध्यक्ष पद पर हिमानी, उपाध्यक्ष पर दिव्या रावत, सचिव पर शशि, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर आदर्श और कोषाध्यक्ष पद पर रुबीना निर्वाचित हुईं।

विजयी प्रत्याशियों को संबंधित महाविद्यालयों के चुनाव अधिकारियों और प्राचार्यों ने प्रमाण पत्र देकर शपथ दिलाई। नैनबाग में विजेताओं ने समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story