राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर लौटे अंशुमन का स्वागत व सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर लौटे अंशुमन का स्वागत व सम्मान


पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाने वाले भागवत मॉन्टेसरी जूनियर हाई स्कूल, कोटा (पाबौ) के प्रतिभाशाली छात्र अंशुमन का विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रीय जनता की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

छात्र अंशुमन ने दिनांक 12 से 17 नवम्बर तक छतरपुर, मध्यप्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं समूचे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं स्थानीय जनता द्वारा अंशुमन का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने अंशुमन की इस उपलब्धि को क्षेत्र एवं विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना उसकी लगन, परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण का परिचायक है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को अंशुमन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खंड शिक्षा अधिकारी अमित चौहान ने अंशुमन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं जिला खेल समन्वयक कमल उप्रेती, जिला खेल सहायक समन्वयक प्रदीप रावत आदि ने खुशी जताई है। समारोह में जिला पंचायत सदस्य कर्मवीर भण्डारी, जिला पंचायत सदस्य श्री भरत रावत, ग्राम प्रधान कोटा आशा चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप रावत, विद्यालय प्रबंधक देवेन्द्र रावत, प्रधानाध्यापक रविन्द्र सिंह नेगी, जिला खेल सहायक प्रदीप रावत, ब्लॉक खेल समन्वयक मातवर सिंह चौहान, सीआरपी चोपड़्यूं, बीआरपी जितेन्द्र रावत सहित छात्र के अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story