सड़क सुरक्षा पर सख्ती: ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग पर होगा कड़ा एक्शन
हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गयी।बैठक में परिवहन, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने जनपद के 25 चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने परिवहन और पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जनवरी से जून 2026 के बीच मोटर वाहन अधिनियम के तहत 19,523 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, मोबाइल, गलत दिशा में वाहन संचालन और ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों में सड़क सुरक्षा, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि छात्र स्वयं जागरूक बनें और समाज को भी प्रेरित करें।
बैठक में सड़क सुरक्षा ऑडिट, दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाने, रिफ्लेक्टिव मार्किंग मजबूत करने पर चर्चा हुई। सीडीओ ने एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा विभाग को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी अस्पतालों को पैनल में शामिल करने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, आरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलारिया, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार वर्मा, एनएचएआई तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

