कुंभ मेला 2027 में वेंडिंग जोन की मांग, लघु व्यापारियों ने दिया ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ मेला 2027 में वेंडिंग जोन की मांग, लघु व्यापारियों ने दिया ज्ञापन


हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। रेड़ी-पटरी लघु व्यापारियों ने नगर निगम आयुक्त कार्यालय पर चल रहे धरने के छठे दिन कुंभ मेला अधिकारी सोनिका सिंह और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती से मुलाकात कर ज्ञापन दिया।

लघु व्यापार एसओसीएसन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में व्यापारियों ने मांग की कि कुंभ मेला 2027 की विकास योजनाओं में स्ट्रीट वेंडर्स को उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति 2016 के तहत वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित व स्थापित किया जाए। आरोप है कि लाइसेंस और प्रमाण पत्र होने के बाद भी पुलिस-प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है।

कुंभ मेला अधिकारी ने प्रतिवेदन पर नगर आयुक्त नंदन कुमार को व्यापारियों की समस्या के निदान और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

चोपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में कुंभ 2027 भव्य रूप से आयोजित हो रहा है, ऐसे में केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं के तहत लघु व्यापारियों की जीविका को ध्यान में रखते हुए उन्हें विकास योजनाओं में शामिल किया जाना चाहिए।

इस दौरान राजकुमार सिंह, सुनील कुकरेती, तस्लीम अहमद, सुमन गुप्ता, आशा देवी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story