अतिक्रमण के नाम पर उत्पीड़न के विरोध में रेड़ी-पटरी व्यापारियों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण के नाम पर उत्पीड़न के विरोध में रेड़ी-पटरी व्यापारियों का प्रदर्शन


हरिद्वार, 30 अप्रैल (हि.स.)। अतिक्रमण के नाम पर हो रहे कथित शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ रेड़ी-पटरी (स्ट्रीट वेंडर्स) और लघु व्यापारियों ने गुरुवार को नगर निगम प्रांगण में जोरदार प्रदर्शन किया। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने तुलसी चौक से नगर निगम कार्यालय तक पैदल मार्च निकालते हुए नारेबाजी की और आयुक्त कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा लाइसेंसधारी स्ट्रीट वेंडर्स को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जा रहा है और उनका सामान जब्त किया जा रहा है, जो कि नियमों के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति के तहत सभी पंजीकृत वेंडर्स को निर्धारित वेंडिंग जोन में व्यवस्थित रूप से स्थान दिया जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना स्वरोजगार चला सकें।

इस दौरान संजय चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2012 में नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा 15 वेंडिंग जोन चिन्हित किए गए थे, लेकिन आज तक उन पर समुचित रूप से व्यापारियों को स्थापित नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2018 में पंजीकृत लाइसेंसधारी व्यापारियों को योजनाबद्ध तरीके से बसाने के बजाय उन्हें हटाया जा रहा है, जो प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना, नगरीय फेरी नीति और राष्ट्रीय आजीविका मिशन का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो 2 मई से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में राजकुमार, कमल सिंह, विजय गुप्ता, फूल सिंह, ओम प्रकाश भाटिया, मोहनलाल, कल्याण, वीरेंद्र कुमार, चंदन दास, नीतीश अग्रवाल, कपिल सिंह, कुंदन कश्यप, शुभम सैनी, राजू जैन, भोला यादव, माया देवी, कामिनी मिश्रा, सीमा, मंजू, पुष्पा दास, गुड्डी देवी, इंदिरा देवी, आशा कश्यप सहित सैकड़ों लघु व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story