रामपुर रायघटी में खनन माफियाओं पर प्रशासन का हंटर, आठ भंडारण केंद्र सीज

WhatsApp Channel Join Now
रामपुर रायघटी में खनन माफियाओं पर प्रशासन का हंटर, आठ भंडारण केंद्र सीज


हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुर रायघटी क्षेत्र में संचालित आठ रिटेल भंडारण केंद्रों को सीज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। संबंधित सभी इकाइयों के ई-खन्ना पोर्टल भी तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।

जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के नेतृत्व में बुधवार को विभागीय टीम ने रामपुर रायघटी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद की गई। जांच के दौरान संचालित सभी आठ रिटेल भंडारणों में अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने बिना देरी किए उन्हें सीज कर दिया।

प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में माना जा रहा है। एक साथ आठ भंडारण केंद्रों पर कार्रवाई होने से क्षेत्र में खनन कारोबार से जुड़े लोगों में बेचौनी बढ़ गई है।

खनन अधिकारी काजिम रजा ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story