ज्वालापुर में दो पक्षों के बीच पथराव, मामूली विवाद ने बिगाड़ा माहौल

WhatsApp Channel Join Now
ज्वालापुर में दो पक्षों के बीच पथराव, मामूली विवाद ने बिगाड़ा माहौल


हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित अहबाब नगर में शुक्रवार देर रात मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत कुछ युवकों के बीच हुई कहासुनी से हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर एकत्र हो गए और मारपीट के बाद एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया और पथराव रोकने की अपील भी की, लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।

पथराव की घटना के चलते क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के नामजद एवं कई अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story