3.20 करोड़ की साइबर ठगी का वांछित आरोपित कोलकाता से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
3.20 करोड़ की साइबर ठगी का वांछित आरोपित कोलकाता से गिरफ्तार


देहरादून, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस की एसटीएफ साइबर टीम ने कंपनी के उच्चाधिकारी और प्रबंध निदेशक बनकर व्हाट्सऐप के जरिए करीब 3.20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में वांछित आरोपित को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी चंद्र कांत मिश्रा के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार साइबर अपराधियों ने कंपनी के जनरल मैनेजर से व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर खुद को कंपनी का उच्चाधिकारी/मैनेजिंग डायरेक्टर बताया। इसके बाद प्रोजेक्ट के अग्रिम भुगतान और अन्य जरूरी भुगतानों के नाम पर जनरल मैनेजर को विश्वास में लिया गया तथा विभिन्न बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित कराई गई।

जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की रकम में से कुछ धनराशि श्याम ट्रेडिंग कंपनी के बैंक खाते में भी स्थानांतरित कराई गई थी। इस तरह फर्जी पहचान और डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल कर करीब 3.20 करोड़ रुपये की ठगी की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने साइबर क्राइम पुलिस टीम को तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश के निर्देश दिए। लगातार प्रयासों के बाद टीम को आरोपी के कोलकाता में होने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कोलकाता पहुंचकर उसे उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एचपी कंपनी का एक लैपटॉप बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में लैपटॉप से विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं से संबंधित संपादन योग्य दस्तावेज, बैंक ऋण आवेदन, विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की प्रतियां तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।

बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस आरोपित से ठगी में उसकी भूमिका,धनराशि के लेन-देन और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

एसटीएफ के मुताबिक इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका है। प्रकरण में शामिल अन्य लोगों तथा साइबर अपराध नेटवर्क के संबंध में जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story