तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य, हरिद्वार से भाजपा फूंकेगी चुनावी बिगुल

WhatsApp Channel Join Now
तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य, हरिद्वार से भाजपा फूंकेगी चुनावी बिगुल


हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी हरिद्वार से चुनावी रणनीति का शंखनाद करने जा रही है। 21 और 22 नवंबर को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित होने वाली दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में करीब 900 नेता और पदाधिकारी जुटेंगे। बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि कार्यसमिति का उद्घाटन 21 नवंबर को सुबह नौ बजे होगा। पहले दिन पार्टी के विभिन्न मोर्चों और सात प्रकोष्ठों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति में पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। इन बैठकों में अब तक किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। वहीं, 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अपेक्षित कार्यकर्ताओं सहित करीब 900 लोग शामिल होंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचकर कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।

कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यसमिति में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की रणनीति और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने पर मंथन होगा।

प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान और महामंत्री संजीव चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story