मानचित्र प्रश्नोत्तरी के राज्य स्तरीय फाइनल में विद्यार्थियों ने दिखाया कौशल

WhatsApp Channel Join Now
मानचित्र प्रश्नोत्तरी के राज्य स्तरीय फाइनल में विद्यार्थियों ने दिखाया कौशल


मानचित्र प्रश्नोत्तरी के राज्य स्तरीय फाइनल में विद्यार्थियों ने दिखाया कौशल


देहरादून, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमवैली सोशल फाउंडेशन ने भारतीय सर्वेक्षण विभाग के सहयोग से देहरादून में मानचित्र प्रश्नोत्तरी के राज्य स्तरीय फाइनल का आयोजन किया। इसमें देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों में आयोजित की गई।

आयोजन में भारतीय सर्वेक्षण विभाग के सर्वेयर जनरल एस.के. सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रदीप सिंह और उपकार पाठक भी मौजूद रहे। इस दौरान अधीक्षण सर्वेक्षक महावीर मीणा ने विद्यार्थियों को सर्वेक्षण, मानचित्र निर्माण, जीआईएस और मानचित्र पढ़ने की बुनियादी जानकारी दी।

प्रतियोगिता दो चरणों में हुई। पहले चरण में मानचित्र, भूगोल और संबंधित विषयों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जबकि दूसरे चरण में विद्यार्थियों ने मानचित्र की मदद से वास्तविक स्थल पर विभिन्न भौगोलिक विशेषताओं की पहचान करने की दिशा-निर्देशन परीक्षा में भाग लिया।फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष अनीता नौटियाल की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानचित्र, भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) और भूगोल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानचित्रण और स्थानिक कौशल का व्यावहारिक अनुभव देना और राज्य में भौगोलिक साक्षरता को बढ़ावा देना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story