‘औरंगज़ेब की आखिरी रात’ नाटक का मंचन

WhatsApp Channel Join Now
‘औरंगज़ेब की आखिरी रात’ नाटक का मंचन


देहरादून, 21 नवंबर (हि.स.)। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र और मेघदूत नाट्य संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को यहां ‘औरंगज़ेब की आखिरी रात’ नाटक का मंचन किया गया। डॉ. रामकुमार वर्मा द्वारा लिखे गए इस नाटक का निर्देशन एसपी ममगाईं ने किया। करीब 60 मिनट की प्रस्तुति में मुगल सम्राट औरंगज़ेब के जीवन के अंतिम दिनों के मानसिक द्वंद्व, सत्ता की महत्वाकांक्षा, अकेलेपन और पश्चाताप को मंच पर उकेरा गया।

नाटक की कथा वर्ष 1706 में अहमदनगर के किले में जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे औरंगज़ेब के इर्द-गिर्द घूमती है। वृद्धावस्था और बीमारी से जूझ रहा बादशाह अपने बिखरते साम्राज्य, कमजोर होती सेना और आर्थिक संकट के बीच अपने जीवन के फैसलों और महत्वाकांक्षाओं का मूल्यांकन करता है। इस दौरान उसकी पुत्री ज़ीनत-उन-निसा और बेगम के साथ संवादों के माध्यम से उसका आत्मसंघर्ष सामने आता है।

प्रस्तुति में औरंगज़ेब को केवल एक शासक के रूप में नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियों, असफलताओं और अतीत के फैसलों से जूझते एक मनुष्य के रूप में दिखाया गया। मराठों के साथ लंबे संघर्ष और दक्षिण भारत में चलाए गए सैन्य अभियानों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी नाटक की कथा का हिस्सा रही। नाटक में औरंगज़ेब की भूमिका एसपी ममगाईं ने निभाई, जबकि ज़ीनत-उन-निसा की भूमिका शहजादी एवं अनुपमा ममगाईं ने प्रस्तुत की। शाही चिकित्सक की भूमिका उत्तम बंदूनी, दरबारी लेखक की भूमिका दिनेश बौड़ाई और मुगल सैनिक करीम की भूमिका गोविंद थपलियाल ने निभाई।

नाटक का संगीत संयोजन मोहित कुमार, प्रकाश परिकल्पना टीके अग्रवाल और मंच सज्जा प्रेम कुमार ने की। रूप सज्जा अभिषेक मैंदोला एवं अमिता मोहित ने संभाली, जबकि वेशभूषा की जिम्मेदारी सुरेन्द्र कुमार पराशर और साईं ड्रेस एम्पोरियम ने निभाई। निर्देशक एसपी ममगाईं ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और समय को समझने की सशक्त विधा है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं और पात्रों के माध्यम से रंगमंच दर्शकों को सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय पक्षों पर विचार करने का अवसर देता है।

कार्यक्रम में रंगकर्मी अभि नंदा, दिनेश शास्त्री, केंद्र के कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी, पुस्तकालयाध्यक्ष डीके पाण्डे, डॉ. लालता प्रसाद, अनिल दत्त शर्मा, पंकज पाण्डे, सुरेन्द्र सजवाण, सुंदर बिष्ट, आशा स्नेह, कुसुम नौटियाल, योगिता थपलियाल, मनीष ओली और गीतांजलि भट्ट सहित साहित्य एवं रंगमंच से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story