सड़क हादसे में घायल महिला को एसएसपी ने पहुंचाया अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में घायल महिला को एसएसपी ने पहुंचाया अस्पताल


हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान देर रात कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे एसएसपी हरिद्वार ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल महिला की तत्काल मदद की। निरीक्षण के दौरान बीएचईएल मध्यमार्ग पर सड़क हादसा देखकर एसएसपी ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया। घायल महिला की स्थिति का जायजा लेने के बाद बिना देर किए उन्हें सरकारी वाहन से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय पर उपचार शुरू हो सका।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार मोनिका (32 वर्ष), पत्नी विकास कुमार, निवासी रावली महदूद, थाना सिडकुल घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। एसएसपी की इस त्वरित कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story