कंट्रोल रूम से परखी कांवड़ मेले की सुरक्षा, सीसीटीवी-ड्रोन से पैनी नजर

WhatsApp Channel Join Now
कंट्रोल रूम से परखी कांवड़ मेले की सुरक्षा, सीसीटीवी-ड्रोन से पैनी नजर


नई टिहरी, 9 अगस्त (हि.स.)। एसएसपी श्वेता चौबे ने रविवार को कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए कांवड़ यात्रा मार्गों और मेला क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था को परखा। उन्होंने ड्रोन के माध्यम से की जा रही निगरानी की भी जानकारी ली और अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।

जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से एसएसपी श्वेता चौबे ने कांवड़ मेले की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी करते हुए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से कांवड़ मेला क्षेत्र समेत प्रमुख यात्रा मार्गों,संवेदनशील स्थानों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और किसी भी स्थिति में तत्काल रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जाम वाले स्थानों पर पुलिस बल की त्वरित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से लगातार प्रभावी निगरानी रखने तथा महत्वपूर्ण गतिविधियों से अधिकारियों को तत्काल अपडेट करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना बिना देरी के उच्चाधिकारियों को दी जाए।

उन्होंने कांवड़ियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था में सभी संबंधित विभागों और पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क से लेकर कंट्रोल रूम तक पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story