अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि, मैराथन और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि, मैराथन और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित


अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि, मैराथन और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित


नई टिहरी, 25 जुलाई (हि.स.)। अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस मनाया गया। जिला कारागार नई टिहरी स्थित श्रीदेव सुमन स्मृति स्थल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बलिदानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान स्मृति स्थल पर स्थापित श्रीदेव सुमन की प्रतिमा के साथ उनकी ऐतिहासिक बेड़ियां भी दर्शनार्थ रखी गईं। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट करते हुए देशभक्ति के नारे लगाए।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन सत्य, न्याय और जनाधिकारों के लिए संघर्ष की अमिट मिसाल है। उनका त्याग और बलिदान आज भी युवाओं को राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि श्रीदेव सुमन के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर जिला कारागार परिसर में वृक्षारोपण और स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मैराथन प्रतियोगिता को मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

मैराथन के अंडर-14 बालिका वर्ग में अंजली रतूड़ी प्रथम,यशस्वी द्वितीय और आरोही तृतीय रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में फैजल प्रथम, दिव्यांशु द्वितीय तथा महेश बेलवाल तृतीय रहे। ओपन बालिका वर्ग में मानसी प्रथम, बबीता नेगी द्वितीय और मनीषा भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं। ओपन बालक वर्ग में अनूप प्रथम, अमन द्वितीय तथा रक्षित पंवार तृतीय रहे।

उल्लेखनीय है कि श्रीदेव सुमन ने तत्कालीन टिहरी रियासत में जनाधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए संघर्ष करते हुए 84 दिन के ऐतिहासिक आमरण अनशन के बाद 25 जुलाई 1944 को अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष 25 जुलाई को पूरे प्रदेश में श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, जेल अधीक्षक अभिलाष गैरोला, तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story