राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि


हरिद्वार, 20 अगस्त (हि.स.)। ओबीसी विभाग, हरिद्वार के संयोजन में मध्य हरिद्वार स्थित कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने राजीव गांधी के युवा केंद्रित विचारों तथा शिक्षा, तकनीक और आधुनिकीकरण के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि राजीव गांधी को देश को 21वीं सदी के लिए तैयार करने वाले दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाता है। उनके कार्यकाल में मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष करने, शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक आधुनिकीकरण जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986, जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत और ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड जैसी पहल ने शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दी। वहीं कंप्यूटरीकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार और रेलवे आरक्षण में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देकर आधुनिक भारत की नींव मजबूत की गई। ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा और रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नन्द लाल यादव ने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने की पहल ने लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल और जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी ने कहा कि सी-डॉट, एमटीएनएल, डिजिटल टेलीफोन एक्सचेंज और टेक्नोलॉजी मिशन के माध्यम से दूरसंचार एवं तकनीकी विकास को गति मिली। वक्ताओं ने 52वें संविधान संशोधन के जरिए दल-बदल विरोधी कानून लागू किए जाने को भी राजीव गांधी सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया। विवेक त्यागी और रजत त्यागी ने कहा कि कंप्यूटर, विज्ञान, आधुनिक शिक्षा, दूरसंचार और युवा शक्ति को लेकर राजीव गांधी की सोच अपने समय से आगे थी।

श्रद्धांजलि सभा में सोम त्यागी, मनोज सैनी, विकास चंद्रा, अक्षय नागपाल, नन्द लाल यादव, अमित अवस्थी, जावेद आलम, विवेक त्यागी, रजत त्यागी, आनंद राठौड़, शिवम वाल्मीकि, राजबीर सैनी, सूर्या, जवाहर चावला, कमल सैनी, सोमपाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story