नेपाल बाढ़ त्रासदी पर शोक, मृतकों की आत्मशांति के लिए रखा दो मिनट का मौन

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल बाढ़ त्रासदी पर शोक, मृतकों की आत्मशांति के लिए रखा दो मिनट का मौन


हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही ने हरिद्वार में रह रहे गोरखाली समाज को भी गमगीन कर दिया। बाढ़ त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मशांति और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए गोरखाली महिला कल्याण समिति और गिरवर नाथ जन कल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से ऋषिकुल स्थित श्याम सुंदर भवन में शोक सभा आयोजित की गई। सभी ने मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा में नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग क्षेत्रों में हुई भारी तबाही पर गहरा दुख जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाढ़ की चपेट में आने से कई घर और अन्य निर्माण बह गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। कई लोगों के सामने आशियाना और सामान्य जनजीवन दोबारा पटरी पर लाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

गोरखाली महिला कल्याण समिति के संरक्षक पदम प्रसाद सुबेदी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने नेपाल के कई क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके जल्द सामान्य जीवन में लौटने की कामना की।

समिति की अध्यक्ष पदमा पांडेय और महामंत्री शारदा सुबेदी ने भी बाढ़ पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई। वहीं गिरवर नाथ जन कल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कमल खड़का और चंपा उपाध्याय ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों के सामने रहने की जगह और जीवन को फिर से व्यवस्थित करने जैसी बड़ी चुनौतियां हैं।

तनुजा पांडेय और रेखा शर्मा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज के हर वर्ग को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। शोक सभा के अंत में दिवंगत आत्माओं की शांति और प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story