डिग्री तक सीमित न रहे क्रीड़ा विश्वविद्यालय, प्रदेश में खेल संस्कृति को दे नई पहचान: राज्यपाल
देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केंद्र न बने, बल्कि प्रदेश में उत्कृष्ट खेल संस्कृति विकसित करने का सशक्त संस्थान बने। विश्वविद्यालय की कार्ययोजना ऐसी होनी चाहिए, जो युवाओं को ‘ग्राम से ओलंपिक’ तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करे। यह बातें राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रबंध परिषद की दूसरी बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानकर उचित प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति की नींव रखनी होगी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर खेल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाए। ऐसे गांवों को चिह्नित किया जाए, जहां से विशिष्ट खेल प्रतिभाएं सामने आई हैं। राज्यपाल ने उत्तराखंड के पारंपरिक एवं स्थानीय खेलों को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति अमित कुमार सिन्हा ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र 29 अगस्त 2026 से शुरू हो चुका है। विश्वविद्यालय के दो खिलाड़ी वर्तमान में भारतीय दल में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को ‘मिशन ओलंपिक 2036’ के लक्ष्य के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
कुलपति ने विश्वविद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक योजनाओं, प्रशासनिक ढांचे, मानव संसाधन, प्रस्तावित पाठ्यक्रम और अवस्थापना विकास से संबंधित जानकारी भी दी। शिक्षण एवं प्रशासनिक पदों के सृजन पर चर्चा के बाद औचित्य सहित प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, विश्वविद्यालय की कुलसचिव दीप्ति सिंह और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

