बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग व आर्म कुश्ती में हरिद्वार पुलिस का दमदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग व आर्म कुश्ती में हरिद्वार पुलिस का दमदार प्रदर्शन


हरिद्वार, 24 अगस्त (हि.स.)। जनपद ऊधमसिंह नगर में 17 से 19 अगस्त तक आयोजित 24वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय, वाहिनी पुलिस कुश्ती क्लस्टर (बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती) प्रतियोगिता-2026 में हरिद्वार पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद ट्रॉफी लेकर पुलिस कार्यालय हरिद्वार पहुंचे टीम के सदस्यों और कोचिंग स्टाफ से एसएसपी नवनीत सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अभी से कमर कसने और तैयारियों को और मजबूत करने की सलाह दी। एसएसपी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन को टीम के सदस्यों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

विभिन्न स्पर्धाओं में हरिद्वार पुलिस का प्रदर्शन

महिला कुश्ती, कांस्टेबल पूजा भट्ट 56 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान, कांस्टेबल कविता बुटोला 68 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान, कांस्टेबल भारती रावत 72 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान व कांस्टेबल रजनी बिष्ट 76 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान स्थान पर रहीं।

जबकि आर्म रेसलिंग में कांस्टेबल पूजा भट्ट 56 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान, कांस्टेबल भारती रावत 70 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान, कांस्टेबल कविता बुटोला 70़ किलोग्राम भार वर्ग द्वितीय स्थान व कांस्टेबल रजनी बिष्ट 76़ किलोग्राम भार वर्ग द्वितीय स्थान पर रहीं।

बॉडी बिल्डिंग में कांस्टेबल पूजा भट्ट 59 किलोग्राम भार वर्ग प्रथम स्थान रहीं। विशेष रूप से कांस्टेबल पूजा भट्ट ने अपने भार वर्ग की महिला कुश्ती, आर्म रेसलिंग और बॉडी बिल्डिंग स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। टीम रैंकिंग में हरिद्वार पुलिस ने कुश्ती में द्वितीय तथा आर्म कुश्ती में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

हरिद्वार पुलिस की इस उपलब्धि पर अधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story