खेल महाकुम्भ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं स्थगित
देहरादून, 29 अक्टूबर (हि.स.)। खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं अग्रिम संशोधित तिथि जारी होने तक स्थगित कर दी गई हैं। इनमें एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू की प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल ने गुरुवार को इस संबंध में जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर जानकारी दी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये प्रतियोगिताएं 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होनी थीं। इनमें अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग तथा 20 से 25 वर्ष की महिला ओपन वर्ग की खिलाड़ी प्रतिभाग करने वाले थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 का समापन समारोह भी प्रस्तावित था।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित तिथि जारी होने के बाद खिलाड़ियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। प्रतियोगिताओं की नई तिथि अलग से जारी की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

