हरिद्वार को मिले विशेष पर्यटन पैकेज : संजय चोपड़ा
हरिद्वार, 29 अप्रैल (हि.स.)। धर्म नगरी हरिद्वार में गिरते व्यापार पर व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने चिंता व्यक्त की है। व्यापारी संगठनों ने बैठक कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हरिद्वार के लिए विशेष पैकेज की मांग की है।
पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन कर घटते व्यापार पर चिंता प्रकट की गई। व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि हरिद्वार के घटते व्यापार के मद्देनजर सरकार धर्मानगरी के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करे।
संजय चोपड़ा ने कहा धर्मनगरी हरिद्वार में तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों को बढ़ावा देने तथा पर्यटकों को हरिद्वार की ओर आकर्षित करने के लिए शहर की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष पर्यटन पैकेज लागू करे। उन्होंने कहा मनसा देवी, चंडी देवी की पर्वत मालाओं मै एडवेंचर ट्रैकिंग व गंग नहर मैं नौका विहार की पहल करे।
मोती बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री राजेश खुराना ने कहा मोती बाजार, बड़ा बाजार, विष्णु घाट,जोधामल रोड,भल्ला रोड, सब्जी मंडी आदि हरिद्वार के प्रसिद्ध बाजार हैं यहां के व्यापारी लगातार घटते व्यापार से बहुत चिंतित हैं। सरकार की ओर से ऋषिकेश की तर्ज पर हरिद्वार को भी पर्यटन की योजना में सम्मिलित किए जाने की आवश्यकता है।
बैठक में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों में सुधीर कुमार भारद्वाज ,राहुल वर्मा, अवधेश कोटियाल ,संजय बंसल ,राजू गुप्ता, शिव सिंह ,राधेश्याम रतूड़ी ,सुंदरलाल राजपूत, फूल सिंह ,सनी कुमार वर्मा, आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

