नैनीताल में अतिरिक्त विशेष पोक्सो न्यायालय का गठन, सुशील शर्मा विशेष लोक अभियोजक नियुक्त
नैनीताल, 30 जून (हि.स.)। उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल मुख्यालय में अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) न्यायालय गठित किया गया है और इसके लिए जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) सुशील कुमार शर्मा को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के 16 जून 2026 के पत्र के अनुपालन में नैनीताल मुख्यालय में अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) न्यायालय का गठन किया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने गृह अनुभाग-3, उत्तराखण्ड शासन के 13 जून 2024 के कार्यालय ज्ञापन और 22 दिसंबर 2023 की अधिसूचना में वर्णित व्यवस्था के अनुसार जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) सुशील कुमार शर्मा को विशेष सत्र न्यायालय (पोक्सो), नैनीताल में अभियोजन की ओर से पैरवी करने के लिए अगले आदेशों तक विशेष लोक अभियोजक नियुक्त कर दिया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड शासन ने 8 मार्च 2026 को प्रदेश में दुष्कर्म एवं पोक्सो अधिनियम के लंबित मामलों के त्वरित विचारण और निस्तारण के लिए तीन अतिरिक्त फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की थी। इसके तहत देहरादून के विकासनगर, ऊधमसिंह नगर के काशीपुर और नैनीताल जिला न्यायालय में एक-एक अतिरिक्त फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। इन न्यायालयों के संचालन के लिए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित कुल 24 अस्थायी पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी गई थी।
0
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

