कांवड़ यात्रा में मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्ती, 23 वाहन चालकों पर कार्रवाई
पौड़ी गढ़वाल, 09 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए श्रीनगर पुलिस ने वाहनों की चेकिंग तेज कर दी है। यात्रा मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर रेट्रो/मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 23 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 17 के चालान मोटर वाहन अधिनियम और छह के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर श्रीनगर पुलिस की टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं। चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनमें अनधिकृत तरीके से साइलेंसर में बदलाव किया गया है। तेज और कर्कश आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से जहां ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, वहीं यात्रा मार्ग पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। वाहन चालकों को मौके पर यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन नहीं कराने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

