जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान में जुटा नैनीताल,राजमार्गों से वन क्षेत्रों तक सफाई

WhatsApp Channel Join Now
जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान में जुटा नैनीताल,राजमार्गों से वन क्षेत्रों तक सफाई


नैनीताल, 9 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जिले में शनिवार से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू हो गया। 8 से 16 अगस्त तक चलने वाले अभियान के पहले दिन ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में लोगों ने सामूहिक भागीदारी के साथ सफाई अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से कूड़ा एकत्र कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया। मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और वन क्षेत्रों से लगे मार्गों की सफाई के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक भी एकत्र किया जा रहा है।

जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 16 अगस्त तक पूरे जिले में नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और जिला मार्गों के साथ ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों, वन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के दौरान राजमार्गों और विभिन्न सड़कों के दोनों ओर फैले कूड़े और सिंगल यूज प्लास्टिक का चिन्हीकरण किया जा रहा है। इसके बाद कूड़े को एकत्र कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया जाएगा। वन क्षेत्रों से लगे मुख्य मार्गों के आसपास जमा कूड़े की भी विशेष रूप से सफाई की जा रही है।

प्रशासन ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, एनसीसी, एनएसएस और आमजन को भी अभियान से जोड़ा है। सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ग्रामीण, नगरीय और वन क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा और सिंगल यूज प्लास्टिक फैलने से रोकने पर जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story