8 से 16 अगस्त तक नैनीताल जनपद में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
8 से 16 अगस्त तक नैनीताल जनपद में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान


नैनीताल, 05 अगस्त (हि.स.)। जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आगामी 8 से 16 अगस्त तक पूरे नैनीताल जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, जिला मार्गों, ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों, वन क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण, नगरीय और वन क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन कर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों के दोनों ओर फैले कचरे तथा एकल प्रयोग प्लास्टिक का चिन्हीकरण कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों में नगर आयुक्त, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित करेंगे। वहीं वन एवं पर्यटन क्षेत्रों में रामनगर मार्ग, चोरगलिया रोड सहित अन्य संवेदनशील स्थलों और पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई कर कचरे के चिन्हित स्थलों को साफ कराया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत, पंचायतीराज विभाग तथा ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से ग्राम पंचायतों में सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से रामनगर के रिसॉर्ट क्षेत्र, बैलपड़ाव, धानाचूली, मुक्तेश्वर, धारी तथा रामगढ़ जैसे अधिक पर्यटक आवागमन वाले क्षेत्रों को अभियान में प्राथमिकता दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, एनसीसी, एनएसएस तथा आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को गंभीरता से संचालित करते हुए प्रतिदिन की गतिविधियों के जियोटैगयुक्त छायाचित्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story