अंतरिक्ष में वैज्ञानिकों की मानसिक चुनौतियों और मनोवैज्ञानिक अनुकूलन पर दिया व्याख्यान

WhatsApp Channel Join Now
अंतरिक्ष में वैज्ञानिकों की मानसिक चुनौतियों और मनोवैज्ञानिक अनुकूलन पर दिया व्याख्यान


हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। कन्या गुरुकुल परिसर के मनोविज्ञान विभाग में नोरसेल यूनाइटेड किंगडम के संस्थापक व निदेशक डॉ. सोहनजीता ने अंतरिक्ष मनोविज्ञान विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। इसमें बीए और एमए मनोविज्ञान की करीब 100 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

व्याख्यान में डॉ. सोहनजीता ने अंतरिक्ष मनोविज्ञान की उपयोगिता, अंतरिक्ष यात्रियों के सामने आने वाली मानसिक एवं शारीरिक चुनौतियों और इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने शोध पत्रों का सार प्रस्तुत करते हुए बताया कि अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने वाले वैज्ञानिकों को अवसाद, नींद की कमी, एक जैसी दिनचर्या और भोजन से ऊब, चिड़चिड़ापन व निर्णय क्षमता प्रभावित होने जैसी कई मनोवैज्ञानिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। मशीनों की लगातार आवाज, अत्यधिक ठंड, सीमित वातावरण और विकिरण का प्रभाव भी दृष्टि क्षमता और शारीरिक स्वास्थ्य पर असर डालता है।

डॉ. सोहनजीता ने बताया कि अंतरिक्ष से धरती पर लौटने के बाद सामान्य जीवन में ढलने में अंतरिक्ष यात्रियों को छह से सात दिन तक का समय लग सकता है। इसलिए यात्रा के प्रत्येक चरण में संज्ञानात्मक व्यवहार, तनाव प्रबंधन और मनोवैज्ञानिक अनुकूलन को समझने में मनोविज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष यात्रियों की संज्ञानात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल, क्रू के बीच सामंजस्य, ध्यान केंद्रित करने और निर्णय लेने की क्षमता का मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन किया जाता है।

व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने करियर को लेकर कई सवाल पूछे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनीता रानी और डॉ. पारुल मलिक ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story