भागीरथी में कूदी महिला की जान बचाने वाले दो युवक सम्मानित
उत्तरकाशी, 21 फ़रवरी (हि.स.)।भागीरथी नदी में आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला की जान बचाने वाले दो स्थानीय युवकों को पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने सम्मानित किया। मानवता और साहस का परिचय देने वाले इन युवकों को पुलिस कार्यालय में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सराहा गया।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने दोनों युवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके साहसिक और मानवीय कार्य की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही पुलिस को महिला की काउंसलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि तनाव के कारण दोबारा ऐसा कदम न उठाया जाए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर सायं जिला मुख्यालय स्थित तिलोथ पुल के पास एक महिला आत्महत्या के उद्देश्य से नदी में कूद गई। नदी के तेज बहाव के बीच वह पत्थरों में फंस गई और दोबारा गहरे पानी में कूदने का प्रयास कर रही थी। सूचना मिलते ही कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
महिला को प्राथमिक सहायता देने के बाद सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रेस्क्यू अभियान में बाल्मीकि बस्ती, उत्तरकाशी निवासी देवराज और प्रभात सहदेव की भूमिका अत्यंत अहम रही। दोनों युवकों ने बिना अपनी परवाह किए नदी में उतरकर महिला की जान बचाने में सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

