सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया अखिलेश यादव का 53 वां जन्मदिन,2027 के लिए आह्वान

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी, 01 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 53 वां जन्मदिन बुधवार को हल्द्वानी स्थित पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान केक काटा गया और अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की गई।

कार्यक्रम के बाद आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए उत्तराखंड प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अनेक विकास कार्य किए।

उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पीडीए की रणनीति को व्यापक समर्थन मिला और अब 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारों का प्रचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी-2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में जावेद सिद्दीकी, दीपक अग्रवाल, उमैर मतीन, पार्षद महबूब आलम, अरशद अय्यूब, समीर मिकरानी, अलीम अंसारी, राजेश जायसवाल, जावेद मिकरानी, शकील अंसारी, संजय गुप्ता, अशरफ खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story