शांतिकुंंज में मनाया गया सोमनाथ स्वाभिमान पर्व

WhatsApp Channel Join Now
शांतिकुंंज में मनाया गया सोमनाथ स्वाभिमान पर्व


हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में सोमवार को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के अदम्य इतिहास का प्रतीक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं, देवसंस्कृति विवि परिवार सहित विभिन्न साधना सत्रों एवं प्रशिक्षण शिविरों में आये प्रशिक्षणार्थियों ने शोभायात्रा, रुद्राभिषेक, आरती एवं दीपोत्सव में भागीदारी की। संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी गणेश चन्द्र पाण्डेय, सुरेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संदेश में शांतिकुंज की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर आस्था का केंद्र है और भारत की सांस्कृतिक चेतना, आत्मगौरव और पुनर्जागरण का प्रतीक है। अनेक आक्रमणों और चुनौतियों के बावजूद इसका पुनर्निर्माण भारतीय समाज की अटूट श्रद्धा और राष्ट्रीय स्वाभिमान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास हमें यह संदेश देता है कि भारतीय संस्कृति को मिटाया नहीं जा सकता। यह पर्व केवल अतीत की स्मृति ही नहीं है, वरन् राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने युवाओं से भारतीय मूल्यों, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर भारत की आस्था, संघर्ष और पुनरुत्थान का प्रेरणास्रोत है। यह पर्व 1000 वर्षों की अटूट आस्था का स्मरण कराता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story