पौड़ी में पीआरडी जवानों ने समस्याएं हल करने की उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now


पौड़ी गढ़वाल, 01 नवंबर (हि.स.)। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर बैठक आयोजित कर शासन-प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की। बैठक में जवानों ने समान काम के लिए समान वेतन देने तथा होमगार्ड जवानों की तर्ज पर पीआरडी कर्मियों को भी महंगाई भत्ता (डीए) और वेतन संबंधी सुविधाएं प्रदान करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

रविवार को आयोजित बैठक में जवानों ने कहा कि पीआरडी कर्मी विभिन्न सरकारी विभागों में पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विभागीय कार्यों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उन्हें वेतन और अन्य सुविधाओं के मामले में अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। जवानों का कहना था कि जब उनसे समान प्रकृति का कार्य लिया जाता है तो वेतन और सुविधाओं में भी समानता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों को जिस प्रकार महंगाई भत्ता (डीए) और अन्य वेतन संबंधी लाभ दिए जा रहे हैं, उसी तर्ज पर पीआरडी जवानों को भी ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच सीमित मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना जवानों के लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

ऐसे में सरकार को उनकी आर्थिक स्थिति और लंबे समय से चली आ रही मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जल्द शासनादेश जारी करने की मांग की। साथ ही संगठन की एकजुटता बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

बैठक में जिलाध्यक्ष पुरूषोत्तम भारती, उपाध्यक्ष पंकज आर्य, संपूर्णानंद नौडियाल, सुमन कुमार, अनूप कुमार, प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story