देसंविवि में तीन दिवसीय उत्सव-26 का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
देसंविवि में तीन दिवसीय उत्सव-26 का शुभारंभ


हरिद्वार, 28 फ़रवरी (हि.स.)। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में तीन दिवसीय ‘उत्सव-26’ का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कुलपताका फहराकर किया।

इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व के समग्र विकास में निहित है। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।

इस अवसर पर कुलाधिपति एकादश एवं विद्यार्थी एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया, जिसने सभी का उत्साह दोगुना कर दिया। वहीं बालिका वर्ग की कबड्डी में प्रज्ञा राजपूत की टीम ने गरिमा चौहान की टीम पर कांटे की टक्कर के साथ जीत दर्ज की। बैडमिंटन बालिका वर्ग में आस्था व अनुष्का की जोडी ने जीत दर्ज की। बालक वर्ग में साहित्य व कृष्णा की जोडी प्रथम रही। चेस में मनीष कुमार ने गौरव को तथा संस्कृति ने जिया को हराया।

बालिका वर्ग की बॉलीवॉल में मुस्कान राजपूत की टीम ने हिमानी की टीम से जीत हासिल की। बालक वर्ग में सुनील की टीम ने प्रभात की टीम को हराया।

खेल अधिकारी नरेन्द्र सिंह व श्रुति ओडकुले ने बताया कि उत्सव-26 में विवि के 700 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी सहित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story