घरेलू और व्यवसायिक गैस की पर्याप्त उपलब्धता, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 30 मार्च (हि.स.)। जनपद की गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस के 20,590 सिलेंडर तथा व्यवसायिक गैस के 5,058 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। यह जानकारी देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि विगत दिवस 11,850 घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 10,380 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए जा चुके हैं। व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइड लाइन के अनुसार नियमित रूप से की जा रही है।

एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन लगातार गैस गोदामों का निरीक्षण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर रहा है। अब तक 430 गैस गोदामों का निरीक्षण और 185 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है। कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाने पर 2 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 92 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

इसके अलावा जनपद में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के 17,300 कनेक्शन उपभोक्ताओं को दिए जा चुके हैं। आमजन से अपील की गई है कि जिन क्षेत्रों से पीएनजी लाइन गुजर रही है, वे घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए आगे आएं।

घरेलू पीएनजी कनेक्शन या गैस पाइपलाइन संबंधी जानकारी के लिए नेचुरल गैस के प्रबंधक प्रियांश बालियान (मो. 9953909486) और प्रिंस सागर (मो. 7078288814) से संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने सभी एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए पैनिक बुकिंग से बचें और केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story