कार में छिपा मिला सात फीट लंबा धामन सांप, तीन जगह स्नेक रेस्क्यू से मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
कार में छिपा मिला सात फीट लंबा धामन सांप, तीन जगह स्नेक रेस्क्यू से मची अफरा-तफरी


हरिद्वार, 04 अगस्त (हि.स.)। मानसून के दौरान हरिद्वार में सांपों के रिहायशी इलाकों में निकलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर सांप निकलने से लोगों में हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाला मामला भेल के सेक्टर-3 में सामने आया, जहां एक कार के अंदर करीब 7 फीट लंबा धामन (रेड स्नेक) छिपा मिला।

कार मालिक ने जैसे ही सांप को देखा, उसके होश उड़ गए और तुरंत वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन सांप कार की बैकलाइट के अंदर जाकर छिप गया। इसके बाद कार को धुलाई सेंटर ले जाया गया, जहां सीट कवर और बैकलाइट खोलकर तलाश की गई। काफी मशक्कत के बाद स्नेक कैचर भोला ने सांप को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया।

दूसरी घटना राजलोक कॉलोनी में हुई, जहां एक मकान के अंदर करीब 6 फीट लंबा कोबरा दिखाई देने से परिवार में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्नेक कैचर भोला ने सावधानीपूर्वक कोबरा का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

तीसरी घटना मनसा देवी मंदिर के समीप जोगीवाला कॉलोनी की है, जहां एक घर में अजगर घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे स्नेक कैचर जितेंद्र ने अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि मानसून के दौरान सांप और अन्य वन्यजीव अक्सर रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story