प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में 35 लाख रुपये मूल्य के 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामदगी मामले में एसटीएफ ने गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अंकित कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जो मुख्य आरोपी सचिन मनिहाल के लिए उत्तराखंड में रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर का कार्य करता था।
एसटीएफ के अनुसार, 11 मई 2026 को एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। मामले की विवेचना के दौरान बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर अंकित प्रजापति की संलिप्तता सामने आई।
जांच में पता चला कि जनवरी 2026 से आरोपी सचिन मनिहाल से कैप्सूल लेकर हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई करता था।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपित को अब तक करीब 77 पेटियां (लगभग 6,930 डिब्बे) प्रतिबंधित कैप्सूल विभिन्न खेपों में मिले थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर दिए थे।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूरे सप्लाई नेटवर्क, बैंक लेन-देन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

