चार लाख रुपये कीमत की दो किलो से अधिक चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी , 13 मई (हि.स.)। पुलिस और एसओजी की टीम ने अवैध नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक नशे तस्कर को चार लाख रुपए की चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस डॉ मंजूनाथ टीसी के जनपद के थाना प्रभारियों को नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने एवं तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण व विमल कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम के नेतृत्व में थाना काठगोदाम पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना काठगोदाम पुलिस एवं (एसओजी) की संयुक्त टीम द्वारा दमुवाढूंगा क्षेत्र में जगन्नाथ कॉलोनी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग के बगल वाली गली में चेकिंग के दौरान आरोपित इन्द्रजीत सिंह पुत्र नारायण दास निवासी वार्ड नं0 13 हरिपुर कर्नल वार्ड, आवास विकास टेड़ी पुलिया काठगोदाम जनपद नैनीताल, स्थायी पता ग्राम व पोस्ट सिमलिया तहसील मिलक जिला रामपुर उ0प्र0 उम्र 47 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
आरोपित के कब्जे से दो किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है। बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध थाना काठगोदाम में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आरोपित ने बताया कि वह गमले बेचने का कार्य करता है और अन्य स्थानों पर खेती-बाड़ी का कार्य मिलने पर मजदूरी व खेती संबंधी कार्य भी करता है। पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि बरामद चरस आरोपित को उसके परिचित व्यक्ति ने बिक्री हशके लिए दी थी, जिसके संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

