जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिली आर्थिक सहायता, एसएमजेएन कॉलेज ने वितरित किए चेक

WhatsApp Channel Join Now
जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिली आर्थिक सहायता, एसएमजेएन कॉलेज ने वितरित किए चेक


हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के उद्देश्य से एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में पात्र छात्रों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयां किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा और प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए। महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रबंध तंत्र एवं महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

प्रो. बत्रा ने विद्यार्थियों से प्राप्त सहायता का सदुपयोग करते हुए अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी छात्रों की हरसंभव सहायता के लिए तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए। सहायता प्राप्त करने वाले छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन एवं प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनकी शिक्षा को निर्बाध रूप से जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story