कलियर उर्स मेले में पुलिस की पहल लाई रंग, बिछड़े 23 बच्चे परिजनों से मिले

WhatsApp Channel Join Now
कलियर उर्स मेले में पुलिस की पहल लाई रंग, बिछड़े 23 बच्चे परिजनों से मिले


हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। पिरान कलियर उर्स मेले में हरिद्वार पुलिस और स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम की संयुक्त पहल से 23 बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया।

एसएसपी नवनीत भुल्लर के आदेश पर एसपी ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल के निर्देशन और सीओ भगवानपुर के पर्यवेक्षण में भीड़ को देखते हुए नेक्सोरा टेक्नोलॉजी की स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम के साथ मिलकर क्यूआर कोड आधारित टैग व्यवस्था लागू की गई थी। टैग को स्कैन कर बच्चे की पहचान और परिजन से संपर्क आसान हुआ, जिससे बच्चे जल्द अपने परिवार तक पहुंच सके।

पुलिस ने बताया कि यह तकनीक धार्मिक आयोजनों, कुंभ, तीर्थ स्थलों, मंदिर-दरगाह परिसरों, स्कूलों की शैक्षिक यात्राओं और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में हेल्प डेस्क और खोया-पाया केंद्र के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

सराहनीय कार्य के लिए शुक्रवार को एसपी ग्रामीण ने स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। खोए हुए बच्चों को ढूंढने पर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस और टीम का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story